प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान को देखते हुए हरियाणा पुलिस पूरी तरह से सतर्क हो गई है. कल सीजेपी के प्रदर्शन के मद्देनजर पानीपत टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. अमेरिका के साथ प्रस्तावित डील के विरोध में किसानों ने दिल्ली कूच का आह्वान किया है, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है.

दो सौ पुलिसकर्मियों के साथ-साथ रैपिड एक्शन फोर्स की कई टीम

पानीपत से गुजरने वाले नेशनल हाईवे 44 पर स्थित टोल प्लाजा पर लगभग दो सौ पुलिसकर्मियों के साथ-साथ रैपिड एक्शन फोर्स की कई टीमों को भी बुलाया गया है. इसके अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की एक टुकड़ी को भी सुरक्षा के लिहाज से पानीपत टोल प्लाजा पर तैनात किया गया है ताकि किसी भी स्थिति से सख्ती से निपटा जा सके.

सुरक्षा एजेंसियों द्वारा हाईवे पर आने-जाने वाले हर वाहन पर पैनी नजर

सुरक्षा एजेंसियों द्वारा हाईवे पर आने-जाने वाले हर वाहन पर पैनी नजर रखी जा रही है. किसी भी संगठन के बैनर या झंडे लगी गाड़ियों की बहुत बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस उन गाड़ियों को हिरासत में भी ले रही है जिन पर किसी संगठन का बैनर लगा हुआ है और जो दिल्ली की तरफ जाने का प्रयास कर रही हैं. प्रशासन की इस सख्ती के कारण आवाजाही करने वाले आम लोगों को भी कड़ी चेकिंग का सामना करना पड़ रहा है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m