पालकोट (गुमला)। गुमला के पालकोट इलाके में हाथियों के झुंड की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। प्रखंड क्षेत्र के जंगलों में करीब 17 हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है और ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से बचने की सलाह दी है।

वन विभाग के अनुसार, फिलहाल हाथियों का झुंड जंगल क्षेत्र में ही मौजूद है। वन विभाग की टीम लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही है और झुंड के संभावित मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है।

हाथियों को देखने के लिए न जुटें भीड़

वनपाल कृष्णा महतो ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के झुंड के करीब जाने की कोशिश न करें। हाथियों को देखने के लिए भीड़ लगाने, पत्थर मारने, शोर करने या उन्हें खदेड़ने का प्रयास बिल्कुल न करें। ऐसा करने पर हाथी आक्रामक हो सकते हैं और जान-माल का खतरा पैदा हो सकता है।

रात में जंगल जाने से बचने की अपील

वन विभाग ने जंगल और उससे सटे इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है। रात के समय अनावश्यक रूप से जंगल या जंगल के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। हाथी दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने और तुरंत वन विभाग को सूचना देने को कहा गया है।

ग्रामीणों से वन विभाग को सूचना देने की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों के पीछे जाकर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के बजाय सीधे विभाग को सूचना देने की अपील की है। टीम हाथियों के मूवमेंट की निगरानी कर रही है और स्थिति के अनुसार आगे की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।