अजय सैनी , भिवानी। जिले के ऐतिहासिक गांव बापोड़ा में शनिवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। सर्व समाज के सहयोग से आयोजित इस भव्य समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति को नमन किया। कार्यक्रम का संयोजन जेजेपी युवा जिला प्रभारी ओमी राजपूत द्वारा किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के पुत्र नेपाल सिंह राणा पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भारत माता के जयकारों के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने और महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि नेपाल सिंह राणा ने अपने संबोधन में कहा कि जो समाज अपने इतिहास और पूर्वजों के बलिदान को भूल जाता है, उसका भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप पूरे राष्ट्र के गौरव हैं और युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देशहित में कार्य करना चाहिए।

नेपाल सिंह राणा ने इस अवसर पर 17 मई को अंबाला के शहजादपुर मंडी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय महाराणा प्रताप जयंती समारोह का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व सेना प्रमुख एवं वर्तमान राज्यपाल जनरल वीके सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की।

कार्यक्रम के संयोजक ओमी राजपूत ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, स्वाभिमान और संघर्ष की मिसाल है। उन्होंने कहा कि बापोड़ा की धरती ने हमेशा वीरों को जन्म दिया है और सर्व समाज द्वारा एकजुट होकर कार्यक्रम का आयोजन करना सामाजिक भाईचारे का प्रतीक है।

समारोह में मीना परमार, परमजीत सिंह मड्डू, दीपा तंवर, राहुल राणा, प्रदीप सरपंच पूर्णपुरा, प्रेम राघव, मामराज राघव, विजय कंवर, कालू ठेकेदार, मनदीप तंवर, रोशन भारद्वाज, विरेंद्र वाल्मीकि, डॉ. अशोक, मिंटू ठेकेदार और नरेश सेना मेडल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।