कृष्ण कुमार सैनी ,अंबाला। मुलाना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जमीनी विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
मिली जानकारी के अनुसार, मुलाना निवासी गुरमीत सिंह को इस फायरिंग में दो गोलियां लगी हैं। बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, इसी बीच कहासुनी झगड़े में बदल गई और एक पक्ष ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगने के बाद घायल गुरमीत सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। इलाके में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस सतर्क है और फायरिंग करने वाले आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई में जुटी हुई है।

