परवेज खान , यमुनानगर। यमुनानगर जिले में एक बार फिर तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। देर रात डारपुर के जंगल में तेंदुआ घूमता हुआ दिखाई दिया, जिसकी वीडियो मोबाइल कैमरे में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि तेंदुआ पहाड़ी क्षेत्र से नीचे पानी पीने के लिए उतरा था।

वन विभाग के एक कर्मचारी ने तेंदुए की यह वीडियो बनाई, जिसमें वह जंगल के आसपास काफी देर तक चहलकदमी करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया है। प्रशासन और वन विभाग ने ग्रामीणों को रात के समय जंगल और सुनसान इलाकों की ओर न जाने की सलाह दी है।


पहले भी एक साथ दिखे थे तीन तेंदुए
इससे पहले भी बिलासपुर क्षेत्र के संधाय गांव के खेतों में तीन तेंदुए एक साथ दिखाई दिए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।

वन विभाग की टीमें इलाके में लगातार निगरानी कर रही हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती गर्मी और पानी की कमी के कारण जंगली जानवर पानी की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की तरफ आ रहे हैं।

फिलहाल वन विभाग पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए है और लोगों को अकेले जंगल की तरफ न जाने की चेतावनी दी गई है।