राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने त्योहारी सीजन और आगामी महीनों से पहले राज्य के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि राज्य सरकार ने शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में भी बढ़ोतरी की गई है।

अब 58% से बढ़कर 60% हुआ महंगाई भत्ता (DA)

सरकार के इस फैसले के बाद प्रदेश के कर्मचारियों का डीए अब 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया है। इस बढ़ोतरी से राज्य के करीब 7 लाख नियमित कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस प्रकार मिलेगा एरियर्स और बढ़ा हुआ भुगतान
जनवरी से देय: बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता इस साल जनवरी महीने से देय होगा। 9 माह का एरियर्स: जनवरी से सितंबर तक यानी 9 महीनों के एरियर्स (बकाया राशि) का भुगतान तीन समान मासिक किश्तों में किया जाएगा। नकद भुगतान: अक्टूबर माह के वेतन (जो नवंबर में देय होगा) से कर्मचारियों को बढ़े हुए डीए का नकद (Cash) भुगतान मिलना शुरू हो जाएगा।

पेंशनर्स के लिए भी राहत का ऐलान

कर्मचारियों के साथ-साथ सरकार ने पेंशनर्स का भी पूरा ख्याल रखा है। पेंशनभोगियों की महंगाई राहत में जुलाई 2026 से 2% की वृद्धि की गई है। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 4 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों के लिए सदैव तत्पर और साथ खड़ी है। सरकार के इस कदम से प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m