जामताड़ा। छठ महापर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने तीन जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें सियालदह-जयनगर, सियालदह-बलिया और कोलकाता-गोरखपुर के बीच संचालित होंगी। इन ट्रेनों का ठहराव आसनसोल रेल मंडल के कई प्रमुख स्टेशनों पर भी दिया गया है। इससे झारखंड, बिहार और आसपास के क्षेत्रों में छठ पर घर लौटने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 03137 सियालदह-जयनगर अनारक्षित स्पेशल 12 नवंबर को दोपहर 3:40 बजे सियालदह से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में 03138 जयनगर-सियालदह स्पेशल 13 नवंबर को सुबह 10 बजे जयनगर से खुलेगी और अगले दिन रात 1:30 बजे सियालदह पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर होगा।
इसी तरह, 03139 सियालदह-बलिया स्पेशल 11 नवंबर को सुबह 10:05 बजे सियालदह से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4 बजे बलिया पहुंचेगी। वापसी में 03140 बलिया-सियालदह स्पेशल 12 नवंबर को सुबह 7 बजे बलिया से प्रस्थान करेगी। इस ट्रेन का ठहराव पानागढ़, दुर्गापुर, अंडाल, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह और सिमुलतला स्टेशनों पर होगा।
वहीं, 03141 कोलकाता-गोरखपुर स्पेशल 13 नवंबर को दोपहर 3:40 बजे कोलकाता से खुलेगी और अगले दिन सुबह 11 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 03142 गोरखपुर-कोलकाता स्पेशल 14 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे गोरखपुर से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10:30 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव दोनों दिशाओं में दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर होगा।
रेलवे के इस फैसले से छठ पर्व पर अपने घर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। त्योहार के दौरान नियमित ट्रेनों में होने वाली भीड़ को कम करने में भी इन स्पेशल ट्रेनों से मदद मिलने की उम्मीद है।

