कृष्ण कुमार सैनी। Sonipat में नगर निगम चुनाव के बीच अवैध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए CM Flying Haryana ने शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। खरखौदा क्षेत्र में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेस-वे पर पिपली टोल प्लाजा के सामने बनी पार्किंग में खड़े एक ट्राले से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई। शराब को बेहद शातिर तरीके से चावल के भूसे की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पार्किंग में खड़े ट्राले पर ऊपर से चावल के भूसे से भरी बोरियां लदी हुई थीं। टीम को शक होने पर जब गहन तलाशी ली गई तो बोरियों के बीच शराब की पेटियां दिखाई दीं। कार्रवाई के दौरान चालक हालात भांपते ही अपना बैग मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
अधिकारियों ने जब ट्राले से बोरियां हटवाईं तो नीचे विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की भारी खेप बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में ट्राले से करीब 1280 पेटी शराब मिलने की बात सामने आई है। बरामद शराब पर चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अधिकृत मार्किंग बताई जा रही है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। चुनावी माहौल के बीच इतनी बड़ी मात्रा में शराब की खेप का हरियाणा में प्रवेश करना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हैं और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

