लक्ष्मीकांत बंसोड़, बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में यात्रियों से भरी एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही देर में जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुपर आनंद कंपनी की बस राजनांदगांव से बालोद की ओर आ रही थी। इसी दौरान मालीघोरी गांव के पास अचानक बस में आग लग गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय बस में करीब 10 से 15 यात्री सवार थे। बस में आग की लपटें उठती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, यात्रियों ने समझदारी दिखाते हुए तत्काल बस से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए।

आग बुझाने का प्रयास रहा नाकाम
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि लोगों के आग बुझाने के प्रयास सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई। फिलहाल बस में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बालोद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
देखें वीडियो –
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

