राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के वन इतिहास में एक नया और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बालाघाट जिले के सूपखार क्षेत्र में लगभग 100 वर्ष पूर्व प्रदेश की धरती से विलुप्त हो चुकी जंगली भैंसा प्रजाति के 8 जंगली भैंसों (2 नर और 6 मादा) को सॉफ्ट रिलीज (क्वॉरेंटाइन) के बाद आज बड़े बाड़े में आधिकारिक रूप से रिलीज कर दिया। मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण कदम को राज्य के वन्य जीव और वन पारिस्थितिक तंत्र संरक्षण की दिशा में एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया है।
असम के काजीरंगा से कान्हा टाइगर रिजर्व तक का सफर
उल्लेखनीय है कि पूर्व में 28 अप्रैल 2026 को असम के प्रसिद्ध काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान से इन 8 जंगली भैंसों को सुरक्षित रूप से कान्हा टाइगर रिजर्व (बालाघाट के सूपखार क्षेत्र) लाया गया था। शुरुआती देखरेख और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद इन्हें सॉफ्ट रिलीज किया गया था, और अब इन्हें बड़े बाड़े में स्थानांतरित किया गया है।
जैव-विविधता और अधिक समृद्ध होगी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा जंगली भैंसों की पुनः घर वापसी से कान्हा टाइगर रिजर्व के घास वाले मैदानों के पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) के प्रबंधन में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। विलुप्त हो चुकी प्रजाति के लौटने से प्रदेश की जैव-विविधता और अधिक समृद्ध होगी तथा हमारे जंगल मूल वन्य प्राणियों से आबाद होंगे। जंगलों और वन्य प्राणियों के संवर्धन से स्थानीय स्तर पर वाइल्डलाइफ टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मध्य प्रदेश बना वन्य प्राणी संरक्षण में देश का सिरमौर
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश वन्य प्राणी संरक्षण के क्षेत्र में पूरे देश में एक मिसाल पेश कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से वर्ष 2022 में चीतों के सफल पुनर्वास के बाद, आज कूनो अभयारण्य, गांधी सागर अभयारण्य और नौरादेही के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में भी चीते पूरी तरह दौड़ लगा रहे हैं। राज्य सरकार प्रदेश में एक ओर जहां बुनियादी ढांचे (अधोसंरचना) के विकास को गति दे रही है, वहीं दूसरी ओर पारिस्थितिक तंत्र को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से ऐतिहासिक निर्णय ले रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

