करनाल: हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला पंचायत सेक्रेटरी को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पंचायत सेक्रेटरी किरण ने ठेकेदार से बिल की पेमेंट पास करवाने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। खास बात यह है कि शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर रिश्वत लेने के लिए लोगों को अपने घर बुलाती थी।

शिकायतकर्ता राजकुमार के मुताबिक, करीब 30 लाख रुपये की पेमेंट के मामले में पंचायत सेक्रेटरी पहले ही उससे 7 लाख रुपये ले चुकी थी। राजकुमार का कहना है कि वह किरण को अपनी बहन की तरह मानता था और उसे कोथली देकर भी आया था, लेकिन इसके बावजूद उससे रिश्वत की मांग जारी रही।

राजकुमार के अनुसार, जब पंचायत सेक्रेटरी ने एक लाख रुपये की और मांग की तो उसने मामले की शिकायत ACB को दी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने पहले आरोपों का सत्यापन किया और इसके बाद रिश्वतखोर अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

शिकायतकर्ता को ACB की योजना के तहत एक लाख रुपये की रिश्वत की रकम लेकर पंचायत सेक्रेटरी किरण के घर भेजा गया। आरोप है कि किरण ने घर पर ही रिश्वत की रकम ली। जैसे ही उसने एक लाख रुपये अपने कब्जे में लिए, ACB की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद पंचायत विभाग में हड़कंप मच गया। ACB की टीम आरोपी पंचायत सेक्रेटरी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हालांकि, शिकायतकर्ता द्वारा पहले 7 लाख रुपये लिए जाने समेत लगाए गए अन्य आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। ACB की कार्रवाई में फिलहाल एक लाख रुपये की रिश्वत लेते पंचायत सेक्रेटरी की गिरफ्तारी सामने आई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m