करनाल: हरियाणा के करनाल से भाजपा विधायक जगमोहन आनंद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। विधायक को डाक के जरिए एक धमकी भरा पत्र भेजा गया है, जिसमें उन्हें और उनके बेटे को गोलियों से मारने की धमकी दी गई है। पत्र में कथित तौर पर अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया है।

बताया जा रहा है कि धमकी भरे पत्र में विधायक को एक महीने के भीतर गोली मारकर हत्या करने की बात कही गई है। साथ ही उनके बेटे को भी जान से मारने की धमकी दी गई है। पत्र मिलने के बाद विधायक ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी।

विधायक जगमोहन आनंद ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को भी पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत कराया है और धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस धमकी भरे पत्र की जांच के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि पत्र कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं।

फिलहाल पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। धमकी वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी है या किसी ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर विधायक को डराने की कोशिश की है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m