यमुनानगर। दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए बल प्रयोग के विरोध में गुरुवार को हरियाणा के यमुनानगर में जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। भारतीय किसान यूनियन, सर्व समाज मोर्चा और कई सामाजिक संगठनों ने मिलकर सड़कों पर पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने लघु सचिवालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और अपनी मांगें रखीं।

सड़कों पर लगा लंबा जाम

सुबह लगभग 10:30 बजे बड़ी संख्या में लोग कन्हैया साहिब चौक पर जमा हुए। इसके बाद करीब 11 बजे सभी लोग प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय की तरफ बढ़े। अचानक सैकड़ों लोगों के सड़क पर उतरने से यातायात प्रभावित हो गया। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया और यातायात को एक तरफ से चालू कराया गया।

इस्तीफे की उठी मांग

यमुनानगर में प्रदर्शन के दौरान किसान संगठनों और युवाओं ने जमकर नारेबाजी की। किसान नेताओं ने बताया कि देश में प्रतियोगी परीक्षाओं के पर्चे लगातार लीक हो रहे हैं। इससे लाखों युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से शिक्षा मंत्री के तुरंत इस्तीफे की मांग की और मामले में कड़े कदम उठाने की बात कही।

लाठीचार्ज का विरोध और निष्पक्ष जांच की मांग

किसान नेताओं ने कहा कि 20 जुलाई को दिल्ली में शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे युवाओं पर पानी की बौछारें चलाई गईं और लाठीचार्ज किया गया। इससे कई छात्र गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे। सर्व समाज मोर्चा ने मांग की है कि पर्चा लीक करने वाले दोषियों को तुरंत सजा दी जाए। इसके साथ ही शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बल प्रयोग करने वाले अधिकारियों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m