बहादुरगढ़। नूना माजरा स्थित महाराजा अग्रसेन अस्पताल में सीवर सफाई के दौरान प्लंबर सुनील की दर्दनाक मौत के बाद गुरुवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने नागरिक अस्पताल में रखे शव को लेने से इनकार कर दिया है और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सफाई कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने मृतक के परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये मुआवजे और पत्नी को स्थायी पेंशन दिए जाने की मांग रखी है।

विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें तुरंत पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा तथा यूनिवर्सिटी के गेट पर ताला लगाने जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।

इस मामले पर आगे की रणनीति तय करने के लिए आज शाम 4 बजे ग्रामीणों की पंचायत बुलाई गई है। वहीं, प्रशासन और पुलिस मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।