हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के विजय नगर थाने में एक अनोखा विवाद चर्चा का विषय बन गया। यहां एक बीजेपी नेता अपने कार्यकर्ता की गाड़ी छुड़वाने पहुंचे थे, लेकिन मामला गाड़ी से हटकर थाने में बैठे एक कुत्ते पर आ गया। कुत्ते के गुर्राने के बाद नेता और थाने में मौजूद एक महिला आरक्षक के बीच तीखी बहस हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार बीजेपी नेता चंदू शिंदे अपने एक कार्यकर्ता की गाड़ी छुड़वाने विजय नगर थाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने एक कार्यकर्ता की गाड़ी जब्त कर ली थी। इसी सिलसिले में नेता थाने पहुंचे थे।
कुत्ते के गुर्राने से गरमाया माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक थाने में एक कुत्ता बैठा हुआ था। इसी दौरान नेता का पैर कुत्ते के करीब पहुंचा, जिस पर कुत्ता गुर्रा गया। इस बात पर नेता ने नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया कि यदि कुत्ता किसी को काट लेता तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता।नेता की इस टिप्पणी पर वहां मौजूद महिला आरक्षक ने जवाब दिया कि यदि कोई कुत्ते के ऊपर पैर रखेगा या उसे परेशान करेगा तो वह प्रतिक्रिया जरूर देगा। इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
थाने में बहस का वीडियो हुआ वायरल
वीडियो में देखा जा सकता है कि नेता और महिला आरक्षक अपनी-अपनी बात पर अड़े हुए नजर आ रहे हैं। कुछ देर तक दोनों के बीच तीखी बहस चलती रही। थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में किसी प्रकार की शिकायत या कानूनी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
गाड़ी छुड़वाने गए थे, चर्चा कुत्ते की होने लगी
दिलचस्प बात यह रही कि जिस काम के लिए नेता थाने पहुंचे थे, वह मुद्दा पीछे छूट गया और पूरा विवाद कुत्ते को लेकर केंद्रित हो गया। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

