राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के दो बड़े शहरों-भोपाल और इंदौर में इस साल नवरात्रि के दौरान एक अनोखा और हैरान करने वाला ट्रेंड सामने आया है। सोशल मीडिया पर ‘रेंट ए गरबा पार्टनर’ (Rent A Garba Partner) के नाम से विज्ञापन और पैकेज तेजी से वायरल हो रहे हैं, जहां पैसे लेकर गरबा खेलने के लिए पार्टनर उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पैकेजेस

त्योहारी सीजन नजदीक आते ही भोपाल और इंदौर से जुड़े 21 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर इस तरह की पोस्ट और स्क्रीनशॉट सामने आए हैं। इन पोस्ट्स में साफ तौर पर गरबा पार्टनर बुक करने के अलग-अलग पैकेज और शर्तें बताई गई हैं। समय के हिसाब से पैकेज: बुकिंग के इन पैकेजेस में 2 घंटे से लेकर पूरा दिन और लगातार 3 दिन तक साथ रहने के विकल्प शामिल हैं। कीमतें: इन सेवाओं के लिए 1000 रुपए से लेकर 6500 रुपए तक की राशि तय की गई है।

पैकेज में क्या-क्या मिल रहा है?

वायरल हो रही पोस्ट्स के मुताबिक, इन पैकेजेस में सिर्फ गरबा खेलना ही नहीं, बल्कि कई अन्य चीजें भी शामिल हैं। गरबा खेलने के साथ-साथ डांस सीखने में मदद करना। कपल के रूप में सेल्फी और फोटो खिंचवाना। इंस्टाग्राम रील (Reels) तैयार करना, मैचिंग आउटफिट पहनना और सोशल मीडिया के लिए कंटेंट बनाना। हालांकि, इनमें से कुछ पोस्ट्स में व्यक्तिगत नजदीकी से जुड़े ऑफर और भाषा का भी इस्तेमाल किया गया है, जिसके चलते यह ट्रेंड अब चर्चा और बहस का विषय बन गया है। कमर्शियल एंगल और आधुनिकता के नाम पर शुरू हुए इस अनोखे चलन ने साइबर और सामाजिक स्तर पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिस पर युवाओं और आम नागरिकों की तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m