गुरुग्राम। ओल्ड जेल चौक पर हाल ही में हुए एक भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस वीडियो ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। 17 जून की सुबह करीब 4:40 बजे चड्ढा परिवार अपनी बलेनो कार से जा रहा था। तभी एक काले रंग की थार कार ने भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बलेनो कार खिलौने की तरह हवा में उछलकर डिवाइडर से जा टकराई।
शराब के नशे में थार चालक की लापरवाही
पुलिस जांच में सामने आया है कि थार का चालक 23 वर्षीय रोहित यादव था। हादसे के वक्त वह शराब के नशे में बुरी तरह धुत था। हैरान करने वाली बात यह है कि गाड़ी पलटने के बाद जब आरोपी बाहर निकला, तो उसने घायलों की मदद करने के बजाय मौके पर मौजूद लोगों से बदतमीजी की। आरोपी को पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया है और उसकी गाड़ी जब्त कर ली गई है।
निजी दुकान के कैमरे से खुला राज
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि चौराहे पर लगे सरकारी कैमरे खराब थे। अगर उस जगह किसी निजी दुकान का सीसीटीवी चालू नहीं होता, तो शायद आरोपी अपनी लापरवाही छिपाने में कामयाब हो जाता। पुलिस ने इसी निजी फुटेज को खंगालकर ठोस सबूत जुटाए हैं।
वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रहे घायल
इस हादसे में परिवार के 4 लोग घायल हुए हैं। पीड़िता मीनाक्षी चड्ढा ने बताया कि उनके दो बच्चे और एक रिश्तेदार गंभीर रूप से चोटिल हैं। दिव्यांश चड्ढा और यशिका चड्ढा की हालत बेहद नाजुक है और वे फिलहाल वेंटिलेटर पर हैं। डॉक्टरों के अनुसार, उनके सिर और पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं। शिवाजी नगर थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इसे सड़क सुरक्षा के लिए एक बड़ी चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

