छतरपुर (पलामू)। झारखंड के पलामू जिले में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। छतरपुर थाना क्षेत्र के मनहू गांव के समीप शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे एक महिला कथित तौर पर नवजात बच्ची को झोले में डालकर फेंकने पहुंची। हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता से बच्ची की जान बच गई और महिला को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार, छतरपुर नगर पंचायत निवासी अंजू देवी (40 वर्ष), पति रवींद्र उरांव ने शुक्रवार रात एक बच्ची को जन्म दिया था। आरोप है कि जन्म के बाद वह नवजात को झोले में रखकर घर से करीब चार किलोमीटर दूर देवी मंदिर के पास एक दोहर में फेंकने पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। भागने की कोशिश कर रही महिला को लोगों ने पकड़ लिया।
मुखिया प्रतिनिधि ने कपड़े में लपेटकर अस्पताल पहुंचाई बच्ची
घटना की सूचना ग्रामीणों ने मुखिया प्रतिनिधि जहीर अंसारी को दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और नवजात बच्ची को अपने कपड़े में लपेटकर तत्काल छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल अस्पताल में जच्चा और बच्चा दोनों का इलाज चल रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। महिला ने नवजात को फेंकने की कोशिश क्यों की, पुलिस इसकी वजह का पता लगा रही है।

