मुंबई से सटे मुंब्रा इलाके में ब्लाइंड मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर अपने पति और भाई के साथ मिलकर उसके प्रेमी की बेरहमी से हत्या करने का खुलासा हुआ है. इस हत्याकांड के बाद आरोपियों ने शव को ड्रम में भरकर नाले में फेंक दिया. मुंब्रा पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर इस पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया है. दरअसल, 3 अगस्त 2026 को मुंब्रा इलाके में रहने वाला अरबाज मकसूद अली खान दादर के लिए काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.
कॉल डिटेल्स और लोकेशन से हुआ मामले का खुलासा
शिकायत के आधार पर सबसे पहले पुलिस ने अरबाज के मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन खंगालनी शुरू की. जांच में पता चला कि अरबाज की आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में थी. इसी इलाके में पुलिस को उसकी प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी मिली. संदेह के आधार पर पुलिस ने मेहजबीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआत में महिला पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चौंकाने वाला खुलासा किया.
पति और भाई साथ मिलकर किया कत्ल
महिला ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उसने अपने पति हसन और भाई तारिक शेख के साथ मिलकर अरबाज से फिरौती मांगने और उसकी हत्या की साजिश रची थी. आरोपियों ने अरबाज को पैसे के बहाने वर्सोवा बुलाया. वहां पैसे नहीं मिलने पर उसके हाथ बांधकर प्लास्टिक के पाइप से बेरहमी से पिटाई की गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई.
हत्या के बाद लाश को ड्रम में डालकर फेंका
महिला ने पुलिस को आगे बताया कि, हत्या के बाद आरोपियों ने शव को एक हरे रंग के ड्रम में भरकर मुंब्रा इलाके के सुनसान नाले में फेंक दिया ताकि सबूत मिटाए जा सकें. इस पूरे मामले में मुंब्रा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला का पति हसन और उसका साथी मुजम्मल पठान अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

