मनोज यादव, कोरबा। जिले के दर्री स्थित लक्ष्मी डेयरी एंड क्रीमरी होटल में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर शिकायत सामने आई है। यहां एक ग्राहक नाश्ता कर रहा था, तभी सांभर-चटनी में कीड़ा मिला। ग्राहक ने इसकी शिकायत दुकानदार से की, लेकिन दुकानदार ने शिकायत को अनदेखा कर दिया। इसके बाद ग्राहक ने दर्री थाने में मामले की शिकायत की। मामले की सूचना मिलने के बाद कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत, दर्री तहसीलदार और दर्री थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और होटल की जांच की।

जांच के दौरान होटल में रखे सांभर बड़े पर फफूंद लगी मिली, वहीं सांभर-चटनी में कीड़ा पाए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद अधिकारियों ने होटल की रसोई का निरीक्षण किया। वहां भारी गंदगी पसरी हुई थी। किचन की स्थिति देखकर अधिकारी भड़क गए। टीम ने होटल में रखे खाद्य पदार्थों की स्थिति का जायजा लिया और मामले में कार्रवाई की।

फ्रिज में रखा था बासी सांभर-चटनी

जांच के दौरान फ्रिज में रखा बासी सांभर और चटनी भी सामने आया। रसोई में गंदगी मिलने के बाद दर्री तहसीलदार ने कार्रवाई की। गौरतलब है कि कोरबा के निहारिका स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स में कुछ दिन पहले शौचालय में बर्तन धोने का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने कार्रवाई की थी। अब दर्री के होटल में खाद्य पदार्थों को लेकर शिकायत सामने आने से शहर के होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H