प्रतीक पटनायक, धमतरी। जिले के कुरुद स्थित रामसागर तालाब में डूबे युवक के शव को 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। शनिवार को संतोष कंवर नहावन कार्यक्रम के दौरान तालाब में डूब गया था, जिसके बाद से उसकी खोजबीन की जा रही थी। रविवार सुबह गोताखोरों की टीम ने उसके शव को खोज निकाला, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम उमरदा निवासी और पेशे से राजमिस्त्री संतोष कंवर (40) एक पारिवारिक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुरूद आया था। शनिवार दोपहर रामसागर तालाब में नहावन के दौरान गहरे पानी में चले गया और देखते ही देखते लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय युवाओं ने तुरंत अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की। इसके बाद पुलिस प्रशासन और धमतरी से आए अनुभवी गोताखोरों की टीम ने कमान संभाली। शनिवार देर रात तक पानी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। रविवार सुबह होते ही तालाब के चारों ओर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।

कुरूद थाना प्रभारी अवध राम साहू पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद रहे। उनकी निगरानी में पुलिस टीम ने रेस्क्यू अभियान, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को संभाला। आखिरकार रविवार सुबह सवा सात बजे गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद संतोष के शव को ढूंढ निकाला। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m