तरहसी (पलामू)। झारखंड के पलामू जिले में एक युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना मनातू थाना क्षेत्र के पदमा सूर्य मंदिर के पास की है। युवती को टावर पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक घटनास्थल पर लोगों के बीच हलचल बनी रही।
मौके पर पहुंची पुलिस, सुरक्षित बचाई गई युवती
घटना की सूचना मिलते ही मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की पहल की। पुलिस के प्रयास से युवती को सकुशल टावर से नीचे उतार लिया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
आखिर क्यों टावर पर चढ़ी युवती?
युवती ने किन परिस्थितियों में मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठाया, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं, हालांकि युवती के टावर पर चढ़ने की वजह को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

