प्रवीण भारद्वाज,पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में जहरीले कॉमन क्रेट (Common Krait) सांप के काटने से 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका सपना का परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है और पिछले करीब पांच वर्षों से रजापुर गांव के पास खेतों में रहकर मजदूरी कर रहा था। बताया जा रहा है कि बीती रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद जमीन पर बिस्तर बिछाकर सो रहे थे।

इसी दौरान देर रात एक जहरीले सांप ने 18 वर्षीय सपना को डस लिया। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने युवती का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

युवती की अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश और गर्मी के मौसम के दौरान सांप निकलने की घटनाओं को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।