MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद चक्रवात और ट्रफ सक्रिय है। जिसके चलते प्रदेश के पूर्वी हिस्से में आंधी बारिश का दौर जारी है। आज गुरुवार को 12 जिलों में चेतावनी जारी की गई है। 10 अक्टूबर से मौसम साफ होगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ एक्टिव है। जिसके चलते पूर्व मध्यप्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है। बीते 24 घंटे में कई जिलों में वर्षा हुई। आज गुरुवार को सिंगरौली, सीधी, शहडोल, सतना, मैहर, मऊगंज, रीवा, उमरिया, डिंडोरी, मंडला, अनूपपुर और बालाघाट में पानी गिरने की संभावना है।

इस सीजन 4% प्रतिशत कम बारिश

आपको बता दें कि एमपी में 24 जून को मानसून की एंट्री हुई थी और 3 अक्टूबर को विदाई। मानसून इस बार 100 दिन सक्रिय रहा। दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान एमपी में कुल 908.4 मिमी यानी 35.8 इंच बारिश हुई। जो कि सामान्य बारिश 37.3 इंच (949.5 मिमी) की तुलना में 1.5 इंच कम है। वहीं ओवरऑल 4 प्रतिशत कम वर्षा हुई। पूर्वी हिस्से में 4 प्रतिशत ज्यादा और पश्चिमी हिस्से में औसत से 12 फीसद बारिश कम हुई है।

यहां कोटा फुल, इन जिलों में कम गिरा पानी

प्रदेश के 25 जिलों में पानी का कोटा फुल हो गया है। जिसमें भोपाल, ग्वालियर, राजगढ़, कटनी, शहडोल, श्योपुर, सिंगरौली, सतना, सीधी, मऊगंज, अनूपपुर, उमरिया, बुरहानपुर, मंडला, खरगोन, डिंडोरी, दतिया, गुना, पन्ना, निवाड़ी, भिंड, मैहर, टीकमगढ़, आगर मालवा और छतरपुर शामिल है। वहीं 30 जिलों में कम वर्षा हुई, जिसमें इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, विदिशा, रीवा, रायसेन, सीहोर, सागर, सिवनी, शिवपुरी, शाजापुर, अशोकनगर, बालाघाट, मंदसौर, मुरैना, बैतूल, बड़वानी, खंडवा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, नीमच, हरदा, झाबुआ, रतलाम, आलीराजपुर, धार, देवास, दमोह, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा शामिल हैं।

कमजोर मानसून से इन जिलों की हालात खराब

मध्य प्रदेश में कमजोर मानसून से 11 जिलों की स्थिति गंभीर है। आलीराजपुर, धार और झाबुआ सबसे कम बारिश वाले टॉप-5 जिलों में शामिल है। आलीराजपुर में सामान्य से 52% कम बारिश, सबसे ज्यादा बारिश की कमी है। 11 में से 9 जिले सूखाग्रस्त की स्थिति के करीब है, सूखाग्रस्त पैमाने पर पहुंचे। इंदौर, उज्जैन, बैतूल, हरदा, नर्मदापुरम, रतलाम, झाबुआ, धार और आलीराजपुर प्रभावित है। शाजापुर और पांढुर्णा में भी सामान्य से महज 3% का अंतर है। बारिश की कमी से पेयजल के साथ खरीफ फसलों पर भी संकट मंडरा रहा है। सोयाबीन, मूंग, मक्का समेत खरीफ फसलों को नुकसान हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m