मयंक श्रीवस्तव, अयोध्या. आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह बुधवार को अयोध्या पहुंचे. महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार, भाजपा और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा. इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री के देश में तीन करोड़ घुसपैठिये होने के बयान पर सवाल उठाते हुए संजय सिंह ने कहा कि 12 साल से मोदी और अमित शाह क्या कर रहे थे, अगर इतने घुसपैठिये हैं तो अब तक कितनों को देश से बाहर निकाला गया, इसका जवाब दिया जाए. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में कितने घुसपैठियों को वापस भेजा गया और एसआईआर के दौरान कितने घुसपैठिये मिले, उसका पूरा आंकड़ा सार्वजनिक किया जाए.
एसआईआर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें 13 करोड़ 37 लाख नाम काटे गए हैं. इसमें 2.8 करोड़ मृतक, 6.3 करोड़ शिफ्टेड, एक करोड़ डुप्लीकेट और तीन करोड़ अनुपस्थित मतदाता बताए गए हैं, इन आंकड़ों पर उन्होंने सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग ने विपक्ष के समर्थकों को निशाना बनाकर वोट काटे हैं और इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए.
इसे भी पढ़ें : ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ गोरखपुर में पदयात्रा, विपक्ष पर बरसे योगी
राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और जमीन खरीद में कथित घोटाले को लेकर उन्होंने कहा कि 304 वीडियो मिलने के बावजूद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई. चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव की गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल उठाए. उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने बांदा मेडिकल कॉलेज में आवारा कुत्ते द्वारा बच्चे को काटकर मार डालने की घटना का जिक्र करते हुए सरकार को घेरा.
धीरेंद्र शास्त्री के कथित विवादित बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण पर अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस को स्वतः संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज करना चाहिए. उन्होंने भाजपा नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर यही टिप्पणी किसी दूसरे व्यक्ति ने की होती तो भाजपा नेता विरोध करते. ओपी राजभर के बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए बाहुबलियों और खुद को गुंडा बताने वालों को लेकर तंज कसा.

