रायपुर। आम आदमी पार्टी ने सोमवार को रायपुर में सड़क, मिलावटी शराब और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। आप के मुख्य प्रवक्ता सूरज उपाध्याय ने आरोप लगाया कि प्रदेश में जनता की समस्याओं को लेकर आवाज उठाने वालों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
AAP ने लगाए कई आरोप
सूरज उपाध्याय ने कहा कि आप प्रदेश प्रवक्ता लव कुमार दुबे ने खराब सड़क के खिलाफ आवाज उठाई और सड़क की मांग की, तो उनके खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई दिनों तक आवेदन तक नहीं लिए गए और करीब पांच दिनों तक उन्हें जेल में रखा गया।
मिलावटी शराब के मामलों पर सरकार को घेरा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में सामने आ रहे मिलावटी शराब के मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा। सूरज उपाध्याय ने कहा कि मिलावटी शराब का मामला लगातार सामने आ रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश में हाल ही में जहरीली/मिलावटी शराब से 52 लोगों की मौत का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से छत्तीसगढ़ सरकार को भी सबक लेना चाहिए, लेकिन सरकार इस मामले में गंभीर नजर नहीं आ रही है।
किसानों के रकबे में कमी का लगाया आरोप
आप प्रवक्ता ने एग्रीटेक समर्पण के नाम पर किसानों के रकबे में कमी किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रकबा कम होने से किसान परेशान हैं उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों में भारी आक्रोश है।
शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ प्रदर्शन का भी जिक्र
सूरज उपाध्याय ने जांजगीर-चांपा में हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ काली पट्टी बांधकर जोरदार प्रदर्शन किया था। उनका आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी कर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई।
AAP की प्रमुख मांगें-
- राज्य सरकार ‘एग्रीस्टेक’ और रकबा समर्पण के नाम पर किसानों को परेशान करना तुरंत बंद करे। यदि इस साल भी किसान आत्महत्या करते हैं, तो इसकी जिम्मेदार स्थानीय तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर होंगे।
- स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशेंः केंद्र सरकार स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को अविलंब लागू करे ताकि किसानों को उनकी फसल का वाजिब मूल्य मिल सके।
- धान खरीदी की गारंटीः प्रदेश के लाखों किसान कर्ज के बोझ तले दबे हैं। यदि सरकार ने आगामी सीजन में सभी किसानों के पूरे धान की खरीदी नहीं की, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
- बलरामपुर में आप नेता पर जो केस दर्ज हुआ है उसे तुरंत वापस लिया जाए, जिले में सड़को का सुधार हो और लापरवाह कलेक्टर को तुरंत हटाया जाये।
- प्रदेश में सरकार नकली और मिलावटी शराब का व्यापार करने वाले माफियाओं पर लगाम लगाएं ताकि आने वाले समय में शराब पीने से किसी की मौत ना हो।
AAP की चेतावनी
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों को इस बार भी एग्रीस्टेक पंजीयन और रकबा समर्पण के नाम पर साजिश कर धान नहीं खरीदा गया और उनके हितों से खिलवाड़ बंद नहीं हुआ और राज्य में सड़कों का सुधार नहीं किया गया, तो पार्टी प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



