आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardaj) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) को खुली बहस (ओपन डिबेट) की चुनौती दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री को दिल्ली से जुड़े मुद्दों पर किसी भी मीडिया प्लेटफॉर्म पर आमने-सामने बहस करने का न्योता दिया है। दरअसल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक ट्वीट के जवाब में सौरभ भारद्वाज ने यह चुनौती दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मुद्दों को छोड़कर दिल्ली की समस्याओं और यहां के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा होनी चाहिए। सौरभ भारद्वाज ने अपने ट्वीट में सात कथित घोटालों का भी जिक्र किया और मुख्यमंत्री को इन मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने के लिए बहस में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
राहुल गांधी को रेखा गुप्ता ने दिया था चैलेंज
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक रूप से डिबेट करने की चुनौती देने के बाद हुई। इसके जवाब में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी को खुली बहस का न्योता दिया। रेखा गुप्ता ने अपने पोस्ट में लिखा, “राहुल गांधी जी, आपको खुली चुनौती है। संसद आइए और डिबेट कीजिए।” इसके साथ ही उन्होंने 1975 में लगाए गए आपातकाल, 1984 के सिख दंगों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन कार्यकाल जैसे मुद्दों पर चर्चा करने की पेशकश की।
अब मुख्यमंत्री के जवाब का इंतजार
सौरभ भारद्वाज की इस चुनौती के बाद दिल्ली की सियासत में ओपन डिबेट को लेकर नया राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। एक ओर रेखा गुप्ता ने राहुल गांधी को राष्ट्रीय और ऐतिहासिक मुद्दों पर संसद में बहस का न्योता दिया, तो दूसरी ओर सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली से जुड़े मुद्दों को बहस का केंद्र बनाने की मांग की है।
सात कथित घोटालों का किया जिक्र
सौरभ भारद्वाज ने अपने ट्वीट में दिल्ली सरकार से जुड़े सात कथित घोटालों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री को इन पर बहस करने की चुनौती दी। उन्होंने अलग-अलग विभागों और योजनाओं में अनियमितताओं के आरोप लगाए।
AAP नेता की ओर से उठाए गए सात मुद्दे इस प्रकार हैं:
842 करोड़ रुपये का हेल्थ स्कैम: सौरभ भारद्वाज ने स्वास्थ्य विभाग में 842 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का आरोप लगाया। उनका दावा है कि मौजूदा सरकार में इससे जुड़ी ज्यादातर फाइलें नष्ट हो गईं।
साइकिल स्कैम: उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 4,000 रुपये की साइकिल 7,000 रुपये में खरीदी और इस मामले में जांच के आदेश तक नहीं दिए।
चावल स्कैम: भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली के गरीबों के लिए आवंटित 5 करोड़ किलोग्राम चावल बेचा गया। उन्होंने दावा किया कि एक अधिकारी ने इस मामले में मंत्री सिरसा का नाम लिया, लेकिन इस पर कोई जवाब नहीं दिया गया।
DJB टेंडर स्कैम: दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के टेंडर में कथित धांधली का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि ठेकेदारों को टेंडर के नतीजों की जानकारी पहले से होती है।
PWD रोड स्कैम: लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कें हाथों से ही टूट रही हैं।
AQI स्कैम: वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के आंकड़ों में कथित हेरफेर का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि AQI मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है।
टेक्स्ट बुक स्कैम: उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर की शर्तों के विपरीत घटिया गुणवत्ता वाली पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

