समाजवादी पार्टी की महिला सभा में वार्ड नंबर 21 की सभासद आरती यादव को राष्ट्रीय सचिव मनोनीत किया गया है. उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए गांव और शहरों में महिलाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने की बात कही.

अशोक कुमार जायसवाल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी की महिला सभा में वार्ड नंबर 21 की सभासद आरती यादव को राष्ट्रीय सचिव मनोनीत किया गया है. महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर द्वारा उन्हें यह जिम्मेदारी दिए जाने के बाद आरती यादव ने संगठन को मजबूत करने और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ाने की बात कही.

महिलाओं को जोड़ने पर जोर

आरती यादव ने कहा कि महिलाओं को उपेक्षित कर कोई भी चुनाव नहीं जीता जा सकता. राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका प्रयास होगा कि प्रदेश की सभी विधानसभाओं के गांवों और शहरों में विभिन्न समाज की महिलाओं को समाजवादी विचारधारा से जोड़ा जाए.

उन्होंने कहा कि वह महिलाओं के हक और सम्मान की लड़ाई को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगी. 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक है और अखिलेश यादव के कार्यों से प्रभावित लोगों की संख्या काफी है.

विधानसभा क्षेत्रों में सक्रियता

आरती यादव ने कहा कि मुगलसराय, सकलडीहा, सैयदराजा और चकिया समेत अन्य विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं के बीच जाकर संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई महिलाएं कम पढ़ी-लिखी होने के कारण सरकारी योजनाओं और राजनीतिक घोषणाओं की पूरी जानकारी नहीं रख पाती हैं. ऐसे में उनका प्रयास रहेगा कि जन चौपाल के माध्यम से गांव-गांव जाकर महिलाओं को योजनाओं और पार्टी की विचारधारा के बारे में जानकारी दी जाए.

बूथ स्तर तक संगठन

पीडीए के सवाल पर उन्होंने कहा कि पीडीए का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना है. दलित, ब्राह्मण, राजपूत समेत सभी समाज को जोड़कर समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर संगठन को बूथ और गांव स्तर तक मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी.