प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में शनिवार को अबान अहमद को सुपुर्द-ए-खाक किया गया, जहां जनाजे में हजारों लोगों की भीड़ जुटी। उमर और अली भी कब्रिस्तान पहुंचे और एक-दूसरे को देखकर भावुक हो गए।

प्रयागराज। कसारी-मसारी कब्रिस्तान में शनिवार को अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। अबान के जनाजे में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान उमर के पहुंचते ही समर्थकों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी, जिसके बाद पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

कब्रिस्तान में उमर और अली भी पहुंचे। दोनों जब एक-दूसरे के सामने आए तो भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोने लगे। अंतिम संस्कार के बाद दोनों ने अपनी बुआ परवीन कुरैशी से भी मुलाकात की।

जनाजे में उमड़ी भीड़

अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग कसारी-मसारी पहुंचे थे। सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बीच उमर को कब्रिस्तान लाया गया तो समर्थकों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और हजारों लोग अंदर पहुंच गए।

अंदर उमड़ी भीड़ को संभालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जेल में बंद अली अहमद और उमर अहमद को अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट से अनुमति और पैरोल मिली थी।

भाई से मिलने जा रहा था अबान

अबान अहमद अपने भाई अली अहमद से मिलने झांसी जिला जेल जा रहा था। इसके लिए उसने मुलाकात की पर्ची भी पहले से कटवा रखी थी। इसी दौरान झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली के पास उसकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार को सूचना दी गई। इसके बाद परिजन और रिश्तेदार झांसी के लिए रवाना हो गए थे।

पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव

हादसे के बाद अबान का शव झांसी मेडिकल कॉलेज में रखा गया था। यहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।

अतीक अहमद के परिवार में बड़े बेटे उमर अहमद और अली अहमद जेल में बंद हैं। तीसरे बेटे असद की पहले ही पुलिस एनकाउंटर में मौत हो चुकी है। चौथा बेटा अहजम बाहर है, जबकि सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हुई है।