साइबर अपराध और विदेशी नंबरों से होने वाली ठगी पर लगाम लगाने के लिए हरियाणा पुलिस ने ‘अभेद्य’ ऐप पेश किया है, जो संदिग्ध कॉल्स को पहले ही ब्लॉक कर देगा।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। साइबर अपराधियों द्वारा विदेशी नंबरों से आने वाली एक्सटॉरशन कॉल, धमकी भरे मैसेज और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच हरियाणा पुलिस ने नागरिकों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब संदिग्ध विदेशी कॉल और मैसेज आपकी मोबाइल स्क्रीन तक पहुंचने से पहले ही ब्लॉक हो सकेंगे।
हरियाणा पुलिस द्वारा विकसित अभेद्य मोबाइल ऐप साइबर अपराधियों के खिलाफ एक मजबूत सुरक्षा कवच के रूप में तैयार की गई है। पुलिस के अनुसार यह ऐप संदिग्ध विदेशी नंबरों से आने वाली कॉल, मैसेज और वॉइस नोट्स की पहचान कर उन्हें पहले ही ब्लॉक करने में सक्षम है, जिससे लोगों को साइबर ठगी और धमकी से बचाने में मदद मिलेगी।
हरियाणा पुलिस ने बताया कि “अभेद्य” ऐप अब Play Store पर उपलब्ध है। नागरिक इसे डाउनलोड करने के बाद ऐप में दिए गए नंबर पर कॉल कर अपने नजदीकी साइबर सेल के माध्यम से एक्टिवेट करवा सकते हैं। इसके लिए संबंधित जिले के SP/DCP कार्यालय की साइबर टीम सहायता करेगी।
हरियाणा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध विदेशी नंबर, धमकी भरे कॉल या साइबर ठगी की कोशिश को हल्के में न लें और तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा और साइबर जागरूकता के लिए विभाग लगातार नई तकनीकों पर काम कर रहा है।

