CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद तक निकाला गया कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का मार्च राजधानी में पिछले कुछ वर्षों के सबसे बड़े और हिंसक टकरावों में से एक में बदल गया। दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई स्थानों पर धक्का-मुक्की और टकराव की स्थिति बनी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संसद मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम के बाद लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील भी की है।
सोमवार शाम दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों का मंच हटाए जाने के बाद देर रात तक बड़ी संख्या में समर्थक दोबारा जंतर-मंतर पर जुटे और आंदोलन फिर शुरू कर दिया। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने साफ कहा कि आंदोलन जारी रहेगा और प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर नहीं छोड़ेंगे। संसद तक मार्च जारी रखने के सवाल पर उन्होंने कहा, “हम फिर से मार्च करेंगे। हम प्रदर्शन स्थल को नहीं छोड़ेंगे।”

CJP प्रदर्शन को दिलजीत दोसांझ का समर्थन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘संसद चलो’ मार्च और उसके बाद हुए घटनाक्रम के बीच गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
दिलजीत दोसांझ ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “आज जो हुआ बहुत बुरा हुआ… स्टूडेंट्स के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए था। मैं अथॉरिटीज से रिक्वेस्ट करता हूं कि स्टूडेंट्स की डिमांड्स को सुन लिया जाए। लोगों की आवाज रब की आवाज होती है।” उन्होंने आगे लिखा, “मेरे ऊपर पहले से ही एंटी-नेशनलिस्ट का टैग लग चुका है। वैसे भी मुझे एंटी-नेशनलिस्ट कहा जाएगा। किसान आंदोलन के बाद मुझे काफी बैकलैश और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिनके बारे में मैं खुलकर बात भी नहीं कर सकता। बाकी रब सब देख रहा है।”
CJP प्रदर्शन के घायलों से मिलेंगे अरविंद केजरीवाल
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हुए टकराव के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को घायल प्रदर्शनकारियों से मिलने के लिए राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल जाएंगे। इससे पहले वह सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, “मोदी सरकार की ओर से कल छात्रों के दमन के खिलाफ आज 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगा। उसके बाद घायल लोगों से मिलने RML अस्पताल जाऊंगा।”
दिल्ली पुलिस ने यूपी समेत 5 राज्यों के DGP को लिखा पत्र
जंतर-मंतर पर जारी CJP के प्रदर्शन और संसद सत्र के बीच दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पड़ोसी राज्यों को अलर्ट किया है। दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान के पुलिस महानिदेशकों (DGP) को पत्र लिखकर प्रदर्शन में भीड़ जुटने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है। दिल्ली पुलिस के पत्र के बाद संबंधित राज्यों के पुलिस मुख्यालयों ने इसे आगे की कार्रवाई के लिए जिला स्तर के अधिकारियों को भेज दिया है। पत्र में कहा गया है कि यदि इन राज्यों से कोई व्यक्ति या समूह प्रदर्शन में शामिल होने के उद्देश्य से दिल्ली की ओर रवाना हो रहा हो, तो उन्हें राज्य की सीमा पर ही रोका जाए। जरूरत पड़ने पर उन्हें समझाकर वापस भेजने की भी अपील की गई है।
दिल्ली पुलिस ने अपने पत्र में कहा है कि इस समय संसद का मानसून सत्र चल रहा है और राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद संवेदनशील है। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। पुलिस ने पड़ोसी राज्यों से अनुरोध किया है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाएं और ऐसे लोगों की आवाजाही पर नजर रखें, जो प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली आने की योजना बना रहे हैं।
धरना स्थल पर लौटे प्रदर्शनकारी
संसद मार्च के दौरान हुई झड़प और पुलिस कार्रवाई के बाद मंगलवार सुबह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनकारी एक बार फिर जंतर-मंतर स्थित निर्धारित धरना स्थल पर लौट आए। फिलहाल प्रदर्शन स्थल पर करीब 100 लोग मौजूद हैं और आंदोलन जारी है।सोमवार को प्रदर्शन के हिंसक होने के बाद दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर से हटा दिया था। इसके बाद CJP के अध्यक्ष अभिजीत दिपके निर्धारित धरना स्थल से करीब 500 मीटर दूर केरल हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए थे। हालांकि, मंगलवार सुबह प्रदर्शनकारी फिर से जंतर-मंतर पहुंच गए और धरना दोबारा शुरू कर दिया।इस बीच, संसद में भी इस मुद्दे की गूंज सुनाई दी। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव (Adjournment Motion) का नोटिस दिया है। उन्होंने इस मामले पर सदन में तत्काल चर्चा कराने और केंद्र सरकार से जवाब देने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


