कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। NEET Paper Leak: नीट पेपर लीक की लड़ाई अब सियासत के नए मोड़ पर पहुंच गई है। ग्वालियर में युवा कांग्रेस ने ABVP पर बड़ा हमला बोलते हुए दावा किया है कि छात्र संगठन के अंदर ही विरोध की आवाज दबाई जा रही है। युवा कांग्रेस ने एक कथित व्हाट्सएप ग्रुप की चैट सार्वजनिक की है और आरोप लगाया है कि ABVP के कार्यकर्ता भी नीट पेपर लीक सहित शिक्षा अव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर प्रदर्शन के पक्ष में थे, लेकिन उन्हें चुप रहने के निर्देश दिए गए। इस चैट को लेकर अब सियासी घमासान तेज हो गया है।
ग्वालियर के शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में राजस्थान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता संगीता बेनीवाल और युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मितेंद्र दर्शन सिंह ने “MLB COLLEGE (ABVP)” नाम के एक कथित व्हाट्सएप ग्रुप की चैट सार्वजनिक की। कांग्रेस का दावा है कि यह चैट इस बात का सबूत है कि ABVP के भीतर भी कई कार्यकर्ता नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के हितों के मुद्दे पर आंदोलन के पक्ष में थे।
कथित चैट में क्या लिखा?
“बच्चों के लिए… अच्छे एजुकेशन सिस्टम के लिए… बार-बार पेपर लीक, रिजल्ट में देरी और नौकरी जैसे मुद्दों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद आवाज उठा सकता है न।”
लव खत्री नाम के सदस्य का मैसेज…”नीट पेपर लीक मामले में दिल्ली में सबसे पहले प्रोटेस्ट अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने ही किया था।”
चैट में बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग का भी जिक्र।
जिला अध्यक्ष छात्र संगठन नाम के नंबर से मैसेज…”तुम लोगों को प्यार से बात समझ नहीं आती है…अब किसी का मैसेज नहीं आना चाहिए इस ग्रुप में।”
इन्हीं चैट्स के आधार पर युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मितेन्द्र दर्शन सिंह ने ABVP पर निशाना साधा। मितेंद्र दर्शन सिंह ने आरोप लगाया कि जो संगठन खुद को छात्रों की आवाज बताता है, वही अपने कार्यकर्ताओं की आवाज दबा रहा है। उनका कहना है कि देशभर में कई ABVP कार्यकर्ता भी छात्रों के मुद्दों पर आंदोलन करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें संगठन के भीतर बोलने की अनुमति नहीं दी जा रही। उन्होंने ऐसे छात्रों को कांग्रेस के साथ आने का खुला न्योता भी दिया।
फिलहाल युवा कांग्रेस इन कथित व्हाट्सएप चैट्स को पूरी तरह असली बता रही है। हालांकि इन दावों की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। अब सबकी नजर ABVP की प्रतिक्रिया पर है। यदि संगठन इस पर जवाब देता है, तो यह सियासी विवाद और तेज हो सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


