हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक इवेंट कंपनी द्वारा फायर फ्लेम मशीन (अग्नि की लपटें निकालने वाली मशीन) का परीक्षण (टेस्टिंग) किया जा रहा था, तभी अचानक मशीन का मुंह घूम गया और आग ऊपर जाने के बजाय गली की तरफ निकल आई। इसकी चपेट में आने से वहां से गुजर रहे दादा और उनका मासूम पोता झुलस गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।

ऐसे हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर परदेशीपुरा क्षेत्र में स्थित गली में इवेंट कंपनी का स्टाफ अपने उपकरणों की टेस्टिंग कर रहा था। उसी दौरान बुजुर्ग रमेशचंद्र जायसवाल अपने पोते को लेकर पैदल घर से बाहर निकल रहे थे। जैसे ही रमेशचंद्र अपने पोते के साथ पास से गुजरे, टेस्टिंग के दौरान फायर फ्लेम मशीन का डायरेक्शन अचानक बदल गया। ऊपर की ओर जाने वाली आग की तेज लपटें सीधी गली की तरफ आ गईं, जिससे रमेशचंद्र और उनका पोता उसकी चपेट में आ गए।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना, पुलिस ने दर्ज किया केस

अचानक हुए इस हादसे में गनीमत यह रही कि रमेशचंद्र और उनके पोते को मामूली चोटें और झुलसन आई है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के तुरंत बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें मशीन से आग की लपटें सीधी राहगीरों पर आती साफ दिखाई दे रही हैं। परदेशीपुरा थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए इवेंट स्टाफ के खिलाफ लापरवाही से खतरनाक उपकरण चलाने और मानव जीवन को खतरे में डालने/क्षति पहुँचाने की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m