बॉलीवुड और बंगाली फिल्मों के जाने-माने अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में प्रभास की आगामी फिल्म ‘स्पिरिट’ की शूटिंग के दौरान उन्हें किसी जहरीले कीड़े या मकड़ी ने काट लिया। शुरुआत में मामूली लगने वाली यह घटना बाद में गंभीर संक्रमण में बदल गई, जिसके बाद उन्हें कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

शूटिंग के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत

बंगाली अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी ने 8 जुलाई को जारी प्रेस नोट में बताया कि शूटिंग पूरी होने के बाद राजेश शर्मा सेट पर मौजूद स्थानीय तकनीशियनों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों के पास उन्हें किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। उस समय दर्द या परेशानी ज्यादा महसूस नहीं हुई, इसलिए उन्होंने तुरंत इलाज नहीं कराया।

हालांकि, करीब छह घंटे बाद उनके दाएं पैर में तेज दर्द शुरू हुआ और तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। इसके बावजूद वह कोलकाता के लिए फ्लाइट में सवार हो गए। यात्रा के दौरान उन्हें तेज बुखार और बेचैनी होने लगी।

पैर से घुटने तक फैला संक्रमण, डॉक्टरों की निगरानी में अभिनेता

कोलकाता पहुंचने के बाद राजेश शर्मा को मणिपाल अस्पताल, ढाकुरिया में भर्ती कराया गया। प्रेस नोट के अनुसार, उनके दाएं पैर में संक्रमण तेजी से फैलकर उंगलियों से घुटने तक पहुंच गया है। प्रभावित हिस्से में बड़े-बड़े छाले भी पड़ गए हैं। फिलहाल उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है और मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

डॉक्टरों ने संक्रमण के कारण ब्लड क्लॉट बनने की आशंका भी जताई है। यदि यह थक्का फेफड़ों तक पहुंचता है तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसी वजह से फिलहाल उनकी हालत को खतरे से बाहर नहीं माना जा रहा।

9 जुलाई को जारी होगा अगला हेल्थ अपडेट

सुदीपा चटर्जी ने बताया कि अस्पताल की ओर से विस्तृत मेडिकल जांच के बाद 9 जुलाई को राजेश शर्मा की सेहत पर अगला आधिकारिक अपडेट जारी किया जाएगा। अभिनेता के परिवार ने मीडिया, बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट्स फोरम, दोस्तों, शुभचिंतकों और विशेष रूप से प्रसेनजीत चटर्जी का कठिन समय में सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m