भुवनेश्वर: पश्चिमी ओडिशा में मौसम की सटीक जानकारी और आपदा प्रबंधन क्षमताओं को मजबूत करने के लिए बुधवार को संबलपुर जिले के जमादारपाली में एक नए डॉप्लर वेदर रडार केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। इस आधुनिक केंद्र की स्थापना से पश्चिमी ओडिशा के जिलों में प्राकृतिक आपदाओं, चक्रवात, वज्रपात और भारी बारिश की सटीक पूर्व चेतावनी जारी करने में बड़ी मदद मिलेगी।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी, ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र की उपस्थिति में इस रडार केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। यह रडार भारत का 51वां और ओडिशा का तीसरा डॉप्लर वेदर रडार है (पारादीप और गोपालपुर के बाद)।

जमादारपाली में निर्मित यह पांच मंजिला केंद्र अत्याधुनिक सी-बैंड (C-band) डॉप्लर वेदर रडार तकनीक से लैस है। यह लगभग 250 किलोमीटर के दायरे में मौसम प्रणालियों की सटीक निगरानी करने में सक्षम है। इस सुविधा से पश्चिमी ओडिशा के संबलपुर, बरगढ़, झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, देवगढ़, सुवर्णपुर, बलांगीर, बौद्ध, नुआपाड़ा, अनुगुल सहित कई जिलों के लोगों और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

यह प्रणाली कालबैसाखी (आंधी-तूफान), बिजली गिरने, अत्यधिक वर्षा और स्थानीय तूफानों के बारे में समय रहते अलर्ट जारी करेगी, जिससे जिला प्रशासन को राहत व बचाव की पूर्व तैयारी का अवसर मिलेगा।

हीराकुद जलाशय और बाढ़ नियंत्रण में मिलेगी मदद

संबलपुर रडार का एक सबसे महत्वपूर्ण लाभ हीराकुद बांध के जलग्रहण क्षेत्र में होने वाली बारिश का सटीक आकलन करना होगा। मौसम अधिकारियों के अनुसार, यह रडार जल प्रवाह का सही अनुमान लगाने में मदद करेगा, जिससे जल प्रबंधन, सिंचाई योजना और बाढ़ नियंत्रण के लिए सही समय पर निर्णय लिए जा सकेंगे।

उद्घाटन समारोह में बोलते हुए आईएमडी के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने इस अत्याधुनिक केंद्र की स्थापना में मिले सहयोग के लिए केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह रडार न केवल ओडिशा बल्कि पड़ोसी राज्यों छत्तीसगढ़ और झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में भी मौसम की सटीक निगरानी में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री माझी ने यह भी घोषणा की कि आने वाले दिनों में भुवनेश्वर, बालासोर और पारादीप में अतिरिक्त रडार स्थापित किए जाएंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H