सुशील सलाम, कांकेर। जिले के गोण्डाहूर थाना क्षेत्र में आरक्षित वनक्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

अधिकारी-कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की का आरोप

जानकारी के अनुसार, आरक्षित वनक्षेत्र के कक्ष क्रमांक आरएफ-1142 स्थित 25 हेक्टेयर के रोपण स्थल पर अतिक्रमण कर मक्का की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान ग्राम पीव्ही-52 जयपुर निवासी हरिमोहन दास (45) पर वन विभाग की कार्रवाई में लगे अधिकारी-कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने और धक्का-मुक्की का प्रयास कर शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप है।

शिकायत पर गठित हुई टीम

मामले में प्रार्थिया की शिकायत पर गोण्डाहूर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221 और 132 में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया जेल

पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी कर उसे ग्राम पीव्ही-52 जयपुर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H