कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। क्राइम ब्रांच ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए कंपनी में नौकरी हासिल करने वाले फरार आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नौकरी पाने के लिए लैंडमार्क ग्रुप में काम करने का फर्जी अनुभव और वहां से हर महीने 2 लाख 80 हजार 670 रुपये वेतन मिलने का फर्जी बैंक स्टेटमेंट लगाया था। कंपनी की जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दरअसल मामला श्रीतुलजा भवानी ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है। कंपनी में एचआर मैनेजर के पद पर कार्यरत अवधेश शर्मा ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक देवेन्द्र कुमार दुबे ने 20 अगस्त 2025 को कंपनी में ग्रुप वाइस प्रेसिडेंट के पद पर नियुक्ति के दौरान लैंडमार्क ग्रुप में पूर्व में नौकरी करने का अनुभव और 2 लाख 80 हजार 670 रुपये मासिक वेतन मिलने का विवरण दिया था। इसके समर्थन में उसने बैंक स्टेटमेंट भी लगाया था।
मई 2026 में इस्तीफा देने के बाद जब कंपनी ने फुल एंड फाइनल सेटलमेंट के दौरान उसके दस्तावेजों का सत्यापन कराया, तो लैंडमार्क ग्रुप में नौकरी करने का दावा गलत पाया गया। वहीं बैंक स्टेटमेंट भी फर्जी और कूटरचित निकला। जांच में फर्जी दस्तावेज तैयार कर नौकरी हासिल करने और आर्थिक लाभ लेने की बात सामने आने पर क्राइम ब्रांच ने देवेन्द्र कुमार दुबे के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। तकनीकी सहायता से आरोपी के कानपुर में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम कानपुर पहुंची और पनकी थाना क्षेत्र स्थित एस-04 वैष्णवी कुती से देवेन्द्र कुमार दुबे को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी 43 वर्षीय देवेन्द्र कुमार दुबे, कानपुर का रहने वाला है। क्राइम ब्रांच ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



