सुनील उपाध्याय, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की गिरफ्तारी कार्रवाई के दौरान पैदा होने वाले जोखिमों को एक बार फिर उजागर कर दिया है। छतरपुर के बक्सवाहा थाना क्षेत्र में लंबे समय से फरार स्थायी वारंटी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी ने हमला कर दिया और आरक्षक को दांत से काट दिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी के HIV पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है जिसके बाद सभी पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।

दरअसल, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने एक आरक्षक को दांतों से काट लिया। इसके बाद जब आरोपी के ब्लड सैंपल की जांच कराई गई, तो उसके HIV पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इस जानकारी के सामने आते ही पुलिस महकमे में चिंता बढ़ गई। एहतियातन घायल आरक्षक को तत्काल सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। 

वहीं इस पूरे मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि दूसरे अपराध में वारंटी की उस क्षेत्र में मौजूद होने की जानकारी मिली थी। टीम उसे पकड़ने पहुंची, लेकिन आरोपी ने पुलिस से बचने की कोशिश में आरक्षक को काट लिया। घटना के बाद आरक्षक का उपचार शुरू कराया गया और आरोपी के ब्लड सैंपल की जांच में HIV संक्रमण की पुष्टि हुई। 

इसके बाद आरक्षक को तत्काल सागर भेजा गया। एसपी ने कहा कि पुलिस को अलग-अलग समय पर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्रवाई करनी पड़ती है। ऐसे में आमजन का सहयोग जरूरी है, ताकि समाज में सुरक्षित वातावरण बनाए रखा जा सके। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m