समीर शेख, बड़वानी। आज पुलिस अभिरक्षा से एक आरोपी फरार हो गया। राजपुर एसडीएम कार्यालय से जिला जेल बड़वानी ले जाते समय आरोपी ने पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और बाइक से कूदकर भाग निकला। इस घटना में बाइक गिरने से दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
यह घटना गुरुवार शाम करीब 6:20 बजे की है। जुलवानिया पुलिस ने शुभम पिता सुभाष मानकर के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की थी। आरोपी को राजपुर एसडीएम के सामने पेश किया गया था, जहां से उसे जेल भेजने का आदेश दिया गया था। आदेश के बाद दो पुलिसकर्मी आरोपी शुभम को मोटरसाइकिल पर बीच में बैठाकर जिला जेल बड़वानी ले जा रहे थे। कारंजा चौराहे के पास आरोपी अचानक चलती बाइक से कूद गया।
आरोपी के कूदते ही मोटरसाइकिल असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद वह मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बड़वानी लाया गया है। घटना के बाद पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


