Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के नयापल्ली इलाके में बंदूक की नोक पर 26 वर्षीया महिला से दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान श्रीधर पांडा के रूप में हुई है। चंदका इलाके में पुलिस से बचने के प्रयास में आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। गोली लगने के बाद पुलिस ने आरोपी को काबू में कर लिया और उसे इलाज के लिए भुवनेश्वर के कैपिटल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, नयापल्ली दुष्कर्म मामले में संलिप्त आरोपी श्रीधर पांडा की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए चंदका जंगल क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया था।

पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने आत्मरक्षा और आरोपी को भागने से रोकने के लिए जवाबी गोलीबारी की। इस दौरान एक गोली श्रीधर के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया।

यह खौफनाक घटना बुधवार देर रात नयापल्ली इलाके में स्थित एक किराए के मकान में घटी थी। पीडिता अपनी बड़ी बहन के साथ ग्राउंड फ्लोर पर किराए पर रहती है। घटना के वक्त वह घर में अकेली थी, जबकि मकान मालिक पहली मंजिल पर रहते हैं। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, एक नकाबपोश शख्स बंदूक की नोक पर घर में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म कर फरार हो गया।

पीड़िता ने जांच अधिकारियों को बताया था कि हमलावर अनजान व्यक्ति था और वह यह स्पष्ट नहीं कर सकी कि आरोपी के पास असली हथियार था या खिलौना बंदूक।

इस संवेदनशील घटना पर ओडिशा राज्य महिला आयोग (SCW) ने स्वप्रेरित संज्ञान (Suo Motu) लिया है। आयोग ने भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (DCP) सारावना विवेक एम. से 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

शुक्रवार को महिला आयोग की सदस्य उर्मिला महापात्र ने नयापल्ली पुलिस स्टेशन का दौरा कर जांच अधिकारियों से मामले की पूरी जानकारी ली थी। भुवनेश्वर पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले से पीड़िता को जानता था या इस अपराध में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H