सुशीला देवी, गुडगांव। गुरुग्राम साइबर पुलिस ने आईपीओ और शेयरों में निवेश के नाम पर 33.55 लाख रुपये की ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मुंबई से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया।


पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2025 को थाना साइबर दक्षिण में एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर ठगों ने उसे आईपीओ और शेयरों में निवेश का झांसा देकर करीब 33 लाख 55 हजार रुपये की ठगी कर ली। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी चेतन सूर्यकांत जगताप, निवासी उल्हासनगर, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया।


पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित से ठगी गई रकम में से 25.70 लाख रुपये जिस बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे, वह खाता आरोपी चेतन के नाम पर था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपना बैंक खाता 4 प्रतिशत कमीशन के लालच में दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए दे दिया था, जिसका उपयोग साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर करने में किया गया।
फिलहाल गुरुग्राम साइबर पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।