हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में रॉन्ग साइड वाहन चलाकर दूसरों की जान खतरे में डालने वालों के खिलाफ अब ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। दिल्ली की तर्ज पर पहली बार रॉन्ग साइड वाहन चालकों के खिलाफ सीधे FIR की कार्रवाई की गई है। चाणक्यपुरी चौराहे पर ड्रोन से निगरानी कर चार वाहन चालकों के खिलाफ BNS की धारा 285 में केस दर्ज किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब सड़क पर लोगों से भी बात की गई… लोगों ने कार्रवाई को सही बताया और कहा कि FIR से नियम तोड़ने वालों में डर पैदा होगा।

आदत अब वाहन चालकों को भारी पड़ सकती है

इंदौर की सड़कों पर कुछ मिनट बचाने के लिए रॉन्ग साइड चलने की आदत अब वाहन चालकों को भारी पड़ सकती है।चाणक्यपुरी चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस ने रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ पहली बार सीधे FIR की कार्रवाई की है। पुलिस ने ड्रोन के जरिए पूरे इलाके पर नजर रखी और वन-वे में गलत दिशा से घुसने वाले वाहन चालकों को पकड़ा।कार्रवाई के दौरान रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले चार लोगों के खिलाफ BNS की धारा 285 के तहत FIR दर्ज की गई। इसके साथ ही सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात के लिए खतरा पैदा करने वालों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की।

FIR तक की कार्रवाई की जाएगी

रॉन्ग साइड ड्राइविंग को लेकर पुलिस का कहना है कि यह सिर्फ यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं है, बल्कि इससे सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों और पैदल लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है।अब तक ऐसे मामलों में ज्यादातर चालानी कार्रवाई होती थी, लेकिन पुलिस ने साफ कर दिया है कि लापरवाही की स्थिति में FIR तक की कार्रवाई की जाएगी।

दूसरों की जान भी जोखिम में डालते

पुलिस की कार्रवाई को लेकर सड़क पर लोगों ने भी अपनी राय रखी। लोगों का कहना है कि रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों पर सख्ती जरूरी है। इससे लोगों में कार्रवाई का डर रहेगा और वे यातायात नियमों का पालन करेंगे। लोगों ने यह भी कहा कि पुलिस पहले भी कई बार जागरूकता अभियान चला चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कई वाहन चालक नियमों का पालन नहीं करते और खुद के साथ-साथ दूसरों की जान भी जोखिम में डालते हैं।

नियमों का पालन कराने में मदद

कानूनी जानकार एडवोकेट कृष्ण कुमार कुनेरे के मुताबिक, पुलिस ने BNS की धारा 285 के तहत FIR दर्ज की है। इस धारा में 5 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। उनका कहना है कि FIR दर्ज होने के बाद लोगों में कानून और यातायात नियमों को लेकर गंभीरता बढ़ती है और इससे नियमों का पालन कराने में मदद मिल सकती है।

सिर्फ चालान का डर नहीं

इंदौर ट्रैफिक पुलिस अब तकनीक के जरिए भी रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर नजर रखने की तैयारी में है। ड्रोन सर्विलांस को ऐसे इलाकों में इस्तेमाल किया जाएगा, जहां वन-वे में गलत दिशा से वाहन आने के कारण हादसे का खतरा ज्यादा रहता है।यानी अब सड़क पर मनमानी करने वालों के लिए सिर्फ चालान का डर नहीं… बल्कि FIR की कार्रवाई भी सामने होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m