हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में बंगाली चौराहा स्थित शराब दुकान को लेकर हुए विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। मारपीट का आरोप लगाने वाली महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने कहा कि सिर्फ “स्वच्छ इंदौर” नहीं, बल्कि “सुरक्षित इंदौर” का नारा भी दिया जाना चाहिए। वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए शराब दुकान को सील कर दिया है।
वहां होने वाली गतिविधियों पर सवाल उठाए
‘किष्किंधा अपार्टमेंट निवासी महिला कविता रोकड़े ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर शराब दुकान के पास संचालित कथित अवैध अहाते और वहां होने वाली गतिविधियों पर सवाल उठाए हैं। महिला का आरोप है कि शराब दुकान के बाहर लोग खुलेआम शराब पीते हैं, सड़क पर विवाद करते हैं और क्षेत्र का माहौल खराब करते हैं। महिला का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जब वे अन्य महिलाओं के साथ मौके पर वीडियो बनाने पहुंचीं तो उनके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की गई।
शादी से पहले दुष्कर्म और शादी के बाद भी ब्लैकमेल: पति को मारने धमकी देने वाले बदमाश को पुलिस ने दबोचा
मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की थी
वीडियो में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद पहुंचे कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें एफआईआर दर्ज कराने से हतोत्साहित किया। महिला के अनुसार पुलिसकर्मियों ने कहा कि आरोपी प्रभावशाली और पैसे वाले लोग हैं, जो जल्द ही छूट जाएंगे। इस बयान के बाद महिला ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े करते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की। महिला ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अपील करते हुए कहा कि इंदौर को केवल स्वच्छ ही नहीं बल्कि सुरक्षित भी बनाया जाए और आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिया जाए। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लिया, जिसके बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ।
कलेक्टर के निर्देश पर दुकान सील
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और शराब दुकान को सील कर दिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। महिला का कहना है कि कार्रवाई से उन्हें उम्मीद जगी है, लेकिन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में स्थायी समाधान जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
सनसनीखेज वारदात: सिरफिरे आशिक ने प्रेमिका को गोली मारकर खुद को भी उड़ाया, दोनों की मौत,
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

