कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर में एक एक्टिवा सवार मोबाइल स्नैचर ने महज 24 घंटे के अंदर तीन थाना क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम देकर लोगों में दहशत फैला दी। पुलिस लाइन के सामने सीएनजी पंप, नई सड़क बस स्टॉप और एलएमबी स्वीट्स के बाहर राह चलते लोगों के मोबाइल झपट लिए गए। लगातार वारदातों से अलर्ट हुई पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से आरोपी को कुछ ही घंटों में दबोच लिया। उसके कब्जे से लूटे गए छह मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा बरामद की गई है।

झपट्टा मारकर मोबाइल लेकर फरार

दरअसल इस मोबाइल स्नैचर का आतंक 3 जुलाई की सुबह बहोड़ापुर थाना क्षेत्र से शुरू हुआ। पुलिस लाइन के सामने सीएनजी पंप पर मयंक वर्मा अपने पिता के साथ ऑटो में गैस भरवा रहे थे। जैसे ही ऑनलाइन पेमेंट के लिए मोबाइल निकाला गया, नीली एक्टिवा पर सवार बदमाश झपट्टा मारकर मोबाइल लेकर फरार हो गया। पीछा किया गया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया।अगले दिन 4 जुलाई की सुबह जनकगंज थाना क्षेत्र में नई सड़क स्थित शिवहरे धर्मशाला के पास बस का इंतजार कर रही कॉलेज छात्रा कृतिका राठौर को निशाना बनाया गया।

दो घंटे बाद फिर मोबाइल झपट लिया

एक्टिवा सवार बदमाश पलभर में उसका मोबाइल छीनकर भाग निकला। इसके करीब दो घंटे बाद कोतवाली थाना क्षेत्र में एलएमबी स्वीट्स के बाहर मोहना निवासी फैजल खान के हाथ से भी मोबाइल झपट लिया गया। लगातार तीन वारदातों से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जनकगंज और बहोड़ापुर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी की पहचान कर ली। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम के पास लूटा हुआ मोबाइल बेचने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

कई और मामलों का खुलासा

पूछताछ में आरोपी रोहित माहौर ने पांच मोबाइल लूट की वारदातें कबूल कर लीं। उसके कब्जे से छह मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई नीली एक्टिवा बरामद हुई है। पुलिस अब उससे अन्य मोबाइल लूट की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। उनका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूतों के आधार पर कई और मामलों का खुलासा हो सकता है।

रोबिन जैन-CSP ग्वालियर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m