Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में लंबे समय से बंद पड़े छात्र संघ चुनाव को लेकर एक बार फिर राज्य का राजनीतिक और शैक्षणिक माहौल गरमा गया है। चालू शैक्षणिक सत्र में चुनाव होंगे या नहीं, इसे लेकर छात्रों और विभिन्न छात्र संगठनों के बीच उत्सुकता चरम पर है। इस बीच, राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज के ताजा बयान ने इस चर्चा को नई दिशा दी है।

मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने स्पष्ट किया है कि सरकार ने कभी भी छात्र संघ चुनावों को खारिज नहीं किया है और विभाग चुनाव कराने के पक्ष में है। मीडिया से बातचीत करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कैंपस में पारदर्शी और सुचारू रूप से चुनाव कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उच्च शिक्षा विभाग छात्र संघ चुनाव कराने के पूरी तरह पक्ष में है और इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां व चर्चाएं जारी हैं। चुनाव कराने और उसकी तारीखों को लेकर अंतिम फैसला राज्य सरकार द्वारा ही लिया जाएगा। सही समय आने पर सही निर्णय की घोषणा की जाएगी।

हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक चुनाव कराने को लेकर कोई अंतिम तारीख तय नहीं हुई है। इससे पहले सितंबर महीने में भी मंत्री ने कहा था कि विभाग चुनाव कराने के लिए तैयार है और शासन स्तर पर इसको लेकर विमर्श चल रहा है।

उल्लेखनीय है कि ओडिशा के उच्च शिक्षण संस्थानों में आखिरी बार नियमित छात्र संघ चुनाव वर्ष 2017 में आयोजित किए गए थे। वर्ष 2018 के बाद से चक्रवाती तूफान, कैंपस हिंसा, शैक्षणिक सत्र में देरी और फिर कोविड-19 महामारी के कारण चुनाव स्थगित होते रहे। इसके चलते पिछले कई सालों से कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्रों का कोई निर्वाचित प्रतिनिधित्व नहीं है।

सूत्रों और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, चालू शैक्षणिक सत्र में चुनाव होने की संभावनाएं काफी बढ़ गई हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि 14 या 15 अक्टूबर को मतदान कराया जा सकता है। चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अक्टूबर के पहले सप्ताह में होने की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक इन तिथियों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अब सभी छात्र संगठनों और युवाओं की नजरें सरकार के अंतिम फैसले और आधिकारिक अधिसूचना पर टिकी हुई हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H