एक्टर डीनो मोरिया शुक्रवार को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार होने की खबर सामने आई है। शुक्रवार सुबह वे कमिश्नर ऑफिस पहुंचे, जहां मुंबई पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) के सामने उनकी पेशी हुई। मामला मीठी नदी डीसिल्टिंग स्कैम का है। दावा है कि राज्य में नदियों की सफाई के नाम पर हुए 65 करोड़ रुपए का गबन हुआ।
इस जांच में मोरिया का नाम इसलिए आया क्योंकि उन पर उन कॉन्ट्रैक्टर्स और अधिकारियों से जुड़े होने का आरोप है। इन लोगों पर मुंबई में बाढ़ से बचाव और ड्रेनेज सिस्टम के रखरखाव के लिए दिए गए सरकारी फंड में हेराफेरी करने का शक है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब डीनो, दिशा सालियन की मौत के मामले में भी जांच का सामना कर रहे हैं।
फोन रिकॉर्ड से सामने आया कनेक्शन
EOW के अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आए फोन रिकॉर्ड में डीनो मोरिया का संपर्क मामले के आरोपी केतन कदम से पाया गया। पुलिस अब मोरिया और उनके भाई सैंटिनो रोको मोरिया के कथित कारोबारी और वित्तीय संबंधों की जांच कर रही है। रिपोर्टों के अनुसार, सैंटिनो और केतन कदम की पत्नी पुनिता कदम एक निजी कंपनी UBO Ridez Pvt Ltd में निदेशक रहे हैं।
पुलिस यह भी जांच रही है कि केतन कदम से जुड़े लोगों और मोरिया परिवार से संबंधित कारोबारी गतिविधियों के बीच कोई वित्तीय लेन-देन था या नहीं। जून 2025 में रिपोर्ट किया गया था कि केतन कदम के खाते से UBO Ridez को करीब ₹18 लाख ट्रांसफर किए गए थे।
2025 में ED ने की थी छापेमारी
जून 2025 में Enforcement Directorate (ED) ने मीठी नदी डीसिल्टिंग मामले में मुंबई, कोच्चि और अन्य स्थानों पर कई ठिकानों पर तलाशी ली थी। इनमें डीनो मोरिया का मुंबई स्थित घर भी शामिल था। बाद में ED ने मोरिया और उनके भाई को पूछताछ के लिए समन किया था।
क्या था मीठी नदी डीसिल्टिंग प्रोजेक्ट
मीठी नदी डीसिल्टिंग प्रोजेक्ट की शुरुआत 2005 में मुंबई में आई बाढ़ के बाद बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (BMC) और अन्य सिविक एजेंसियों ने की थी। इस प्रोजेक्ट का मकसद मलबे को हटाकर और नदी के तल का रखरखाव करके बाढ़ मैनेजमेंट को बेहतर बनाना था। बाद की जांच में डीसिल्टिंग के बताए गए काम और असल में किए गए काम के बीच अंतर मिला, जिससे प्रोजेक्ट के फंड के इस्तेमाल पर शक पैदा हुआ।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

