० बाल उपवन आश्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बच्चों से आत्मीय संवाद कर बढ़ाया उत्साह

राकेश कथूरिया, कैथल। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) डॉ. सुशील कुमार ने गुरुवार को कोठी गेट स्थित श्री सनातन धर्म सभा द्वारा संचालित बाल उपवन आश्रम (विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे बच्चों और वृद्धजनों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उनका हालचाल जाना और आश्रम की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा एवं आवासीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान एडीसी ने आश्रम प्रबंधन से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और दैनिक दिनचर्या से जुड़ी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, खेलकूद और अन्य गतिविधियों के बारे में बातचीत करते हुए उनका उत्साहवर्धन भी किया।

इसके साथ ही उन्होंने आश्रम परिसर की स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, आवासीय सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों और वृद्धजनों की सेवा करना सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व है। उन्होंने आश्रम प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि इसी सेवा भावना और समर्पण के साथ आगे भी कार्य करते रहें।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ऐसी सामाजिक संस्थाओं के सहयोग के लिए सदैव प्रतिबद्ध है, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर वातावरण और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। अधिकारियों ने भी बच्चों के बेहतर भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

इस अवसर पर श्री सनातन धर्म सभा के प्रधान रवि भूषण गर्ग, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल, समिति सदस्य गुरुदेव, रितु सिंगला, जेजे बोर्ड की सदस्य रितु राणा, अंजू जिंदल, जिला बाल संरक्षण अधिकारी शशि बाला, कोमल, डॉ. अनिल अग्रवाल, मोनिका बंसल, नरेश पंवार, सुरेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।