Bihar News: राजधानी पटना में निगरानी विभाग की टीम ने आज 13 मई बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अपर थानाध्यक्ष को एक लाख रुपए का घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी टीम ने यह कार्रवाई जानीपुर थाने में की है। घूस लेते रंगे हाथ जानीपुर थाने में तैनात एडिशनल SHO (अपर थानाध्यक्ष) संजय सिंह के गिरफ्तार होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मांगी थी 5 लाख की घूस

पीड़ित कौशल किशोर के अनुसार, जमीन संबंधित एक विवाद का निपटारे करने के लिए एडिशनल एसएचओ ने उनसे 5 लाख रुपये की डिमांड की थी। काफी मोलभाव के बाद मामला 2 लाख रुपये पर तय हुआ। इस बीच आरोपी पुलिस अधिकारी आज बुधवार को गाजाचक मोहम्मदपुर पंचायत के कोरियावां प्लॉट पर सर्वे और खूंटा गड़वाने के सिलसिले में पहुंचे थे।

घात लगाए निगरानी टीम ने दबोचा

पीड़ित ने इस भ्रष्टाचार के खिलाफ दो दिन पहले ही निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। विभाग द्वारा मामले के सत्यापन के बाद डीएसपी अरुणोदय पांडे के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जैसे ही संजय सिंह ने पीड़ित से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये पकड़े, घात लगाकर बैठी निगरानी की टीम ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस-भूमाफिया पर सांठगांठ का आरोप

एडिशनल SHO की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित कौशल किशोर ने बताया कि जानीपुर इलाके में भूमाफियाओं का एक बड़ा गिरोह सक्रिय है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ये भू-माफिया पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और थानेदारों के साथ मिलकर जमीन पर अवैध कब्जों को बढ़ावा देता है। इसके अलावा मामला सुलझाने के नाम पर थाना स्तर पर अवैध उगाही की करते हैं। फिलहाल, निगरानी की टीम आरोपी एडिशनल SHO को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- कलयुगी बेटे की खौफनाक करतूत: पिता को घर से बाहर बुलाकर मारी गोली, मौत