अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली। जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार शाम करीब 6:45 बजे जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से अलीनगर एवं दीनदयाल उपाध्याय नगर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों, ताजिया जुलूस रूटों तथा कर्बला स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ताजियादारों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि मुहर्रम के जुलूस मार्गों, ताजिया रखने के स्थलों और कर्बला क्षेत्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। उन्होंने संबंधित विभागों को साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और ढीले तारों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसमें बिजली विभाग, नगर पालिका और डीपीआरओ शामिल हैं। साथ ही, मजिस्ट्रेटों और पुलिस बल की ड्यूटी भी तय कर दी गई है।
READ MORE: लखनऊ अग्निकांड: CM योगी ने घटना स्थल का किया दौरा, घायलों से की मुलाकात, मृतकों के परिजनों का बांधा ढांढस
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जानकारी दी कि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमों ने क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। उन्होंने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई हैं, जिनमें स्थानीय स्तर पर उठाई गई अधिकांश समस्याओं का समाधान कर लिया गया है।
एसपी ने यह भी बताया कि मुहर्रम के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक ताजिया जुलूस के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और पूरे जुलूस मार्ग की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी।
READ MORE: लखनऊ अग्निकांड: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को मिलेगा 2-2 लाख मुआवजा
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शासन की गाइडलाइंस के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए जनपद में मुहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराया जाएगा।
इस दौरान सीओ अरुण कुमार सिंह, मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह सहित काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुरक्षा की दृष्टि से सख्त निर्देश दिए।

