रोहित कश्यप,मुंगेली l छत्तीसगढ़ के मुंगेली के व्यस्ततम बिलासपुर मुख्य मार्ग पर दाऊपारा से लेकर कलेक्टर निवास एवं नगर पालिका सीमा तक आज सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए संयुक्त कार्रवाई की गई। नगर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से आम नागरिकों को राहत दिलाने के लिए कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार यह बड़ा कदम उठाया गया है। प्रशासन की इस पहल से शहर को व्यवस्थित, सुंदर और सुगम यातायात उपलब्ध होगा।
अतिक्रमण हटाने की अपील की गई थी- SDM
मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज ने बताया कि राजस्व एवं नजूल विभाग द्वारा सीमांकन कर अवैध कब्जों को चिन्हित किया गया था। कार्रवाई से पहले नगर पालिका और राजस्व विभाग द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुए दुकानदारों एवं व्यापारियों को मुनादी कराकर स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की गई थी।
मार्ग को किया गया व्यवस्थित
प्रशासन की समझाइश का सकारात्मक असर देखने को मिला और कई व्यापारियों ने खुद से अपने शेड, काउंटर एवं सड़क-नाली पर किए गए अतिरिक्त कब्जे हटा लिए। इसके बाद बचे अतिक्रमणों को प्रशासनिक अमले ने आज भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हटाया। सड़क किनारे फैले अवैध टीन शेड, चबूतरे और मलबे को हटाकर मार्ग को व्यवस्थित किया गया। इस संयुक्त अभियान में नगर पालिका परिषद, राजस्व विभाग, नजूल विभाग एवं पुलिस विभाग की टीम सुबह से ही सक्रिय रही।

नगर पालिका CMO ने बताया कार्रवाई का उद्देश्य
नगर पालिका के सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल सड़क चौड़ीकरण नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और शहर के सौंदर्यीकरण को सुनिश्चित करना भी है। प्रशासन द्वारा दाऊपारा से कलेक्टर निवास तक मुख्य सड़क के दोनों ओर आधुनिक एवं सुव्यवस्थित फुटपाथ का निर्माण कराया जा रहा है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों एवं सुबह-शाम सैर करने वाले नागरिकों को सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा। फुटपाथ निर्माण के बाद राहगीरों को सड़क दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिलेगी और यातायात भी अधिक सुचारू हो सकेगा।
व्यापारियों एवं नागरिकों को दी समझाइश
उन्होंने व्यापारियों एवं नागरिकों को नालियों और फुटपाथों पर दोबारा कब्जा नहीं करने की समझाइश दी है। इस दौरान तहसीलदार कुनाल पाण्डेय सहित राजस्व, नगर पालिका एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

